T20 World Cup 2026 : जिम्बाब्वे ने मेजबान श्रीलंका को घर में रौंदा, बनीं टाॅप टीम 

SportsMen's T-20 World Cup-2026
नेशनल स्पोर्टस डेस्क
टी20 विश्व कप 2026 में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। जिम्बाब्वे ने मेजबान श्रीलंका को उसी के घर में मात देकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। प्रेमदासा स्टेडियम की सुस्त पिच पर जिम्बाब्वे ने न केवल शानदार गेंदबाजी की, बल्कि अपने इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज सफलतापूर्वक पूरा कर ग्रुप-B के पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत किसी तूफान से कम नहीं थी। मेजबान टीम ने महज 4.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 54 रन ठोक दिए थे। लेकिन जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने अपनी चतुराई भरी गेंदबाजी से मैच का पासा पलट दिया।
जिम्बाब्वे का जवाबी हमला: ब्रायन बेनेट और रजा का जलवा
179 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने बेहद सधी हुई और आक्रामक बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने आज एक अलग रूप दिखाया। जिम्बाब्वे के इतिहास के सबसे तेज स्कोरर माने जाने वाले बेनेट ने आज एक छोर थामे रखा और 48 गेंदों में नाबाद 63 रनों की पारी खेली।
दूसरी छोर से सिकंदर रजा, रयान बर्ल और तादिवानाशे मारुमनी ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली। मैच का रुख मोड़ने वाले रजा ने मात्र 26 गेंदों में ताबड़तोड़ 45 रन बनाए। जब जरूरी रन रेट तेजी से बढ़ रहा था, तब रजा की इस पारी ने श्रीलंका के हाथों से मैच छीन लिया। बेनेट के अलावा बाकी तीन बल्लेबाजों ने मिलकर 64 गेंदों में 102 रन कूट डाले।

इतिहास दोहराया : एक बार नहीं, बार-बार!
क्रिकेट विश्लेषक सिद्धार्थ मोंगा के अनुसार, "एक बार जीतना इत्तेफाक हो सकता है, लेकिन दूसरी बार मेजबान श्रीलंका को उसी के खेल में हरा देना यह साबित करता है कि जिम्बाब्वे अब एक मजबूत ताकत है।" जिम्बाब्वे ने इस जीत के साथ ग्रुप-B में अपनी बादशाहत कायम कर ली है।


श्रीलंका की पारी को तीन हिस्सों में देखा जा सकता है:

शुरुआती 29 गेंदें: 54 रन, 0 विकेट (तूफानी शुरुआत)

बीच की 72 गेंदें: 82 रन, 4 विकेट (जिम्बाब्वे की वापसी)

आखिरी 19 गेंदें : 42 रन, 3 विकेट (फिनिशिंग किक) मेजबान टीम निर्धारित 20 ओवरों में 178 रन ही बना सकी, जो प्रेमदासा की पिच को देखते हुए एक चुनौतीपूर्ण स्कोर था।