Langat Singh College में अब MBA-MCA की पढ़ाई! टीम ने जाँचा इंफ्रास्ट्रक्चर

EducationMy City
न्यूज डेस्क। मुजफ्फरपुर
उत्तर बिहार के गौरवशाली शिक्षण संस्थान, लंगट सिंह महाविद्यालय (LS College) में नए सत्र से प्रस्तावित एमबीए (MBA) और एमसीए (MCA) पाठ्यक्रमों को शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय द्वारा गठित एक उच्चस्तरीय निरीक्षण टीम ने महाविद्यालय परिसर का दौरा कर उपलब्ध संसाधनों और इंफ्रास्ट्रक्चर का व्यापक जायजा लिया। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान प्रो. जयकांत सिंह, डॉ. वेदप्रकाश दुबे, डॉ. रीमा कुमारी, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. स्वीटी सुप्रिया, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. शमशीर अली, डॉ. आनंद कुमार, संजीव चौधरी और सुजीत कुमार सहित कई अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल सुविधाओं का निरीक्षण
निरीक्षण टीम के कॉलेज पहुँचने पर प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने उनका भव्य स्वागत किया। प्राचार्या ने टीम को पूरे कैंपस का भ्रमण कराते हुए अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, समृद्ध लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम और प्रशासनिक खंड का मुआयना कराया। निरीक्षण टीम में एलएन कॉलेज की प्राचार्या प्रो. सुनीता कुमारी शर्मा, एलएन मिश्रा कॉलेज के निदेशक डॉ. मनीष कुमार और डॉ. अभयानंद श्रीवास्तव शामिल थे।


स्थानीय छात्रों के लिए खुलेंगे वैश्विक अवसर
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि "डिजिटल और कॉर्पोरेट युग में एमबीए और एमसीए केवल डिग्रियां नहीं, बल्कि करियर का मजबूत आधार हैं। इन कोर्सेज के शुरू होने से न केवल उत्तर बिहार के छात्रों को मुजफ्फरपुर में ही विश्वस्तरीय तकनीकी शिक्षा मिलेगी, बल्कि इससे क्षेत्र में स्वरोजगार और नवाचार (Innovation) के नए द्वार भी खुलेंगे।" उन्होंने टीम को आश्वस्त किया कि महाविद्यालय इन नए पाठ्यक्रमों के सफल संचालन के लिए बुनियादी स्तर पर पूरी तरह तैयार है। टीम ने कॉलेज में प्रस्तावित क्लिनिकल साइकॉलजी और मशरूम उत्पादन जैसे शॉर्ट टर्म (कौशल आधारित) पाठ्यक्रमों के लिए उपलब्ध संसाधनों की भी जांच की। इस अवसर पर सीसीडीसी प्रो. टीके डे ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ सीधे रोजगार से जोड़ना है।