बज उठा सायरन, मची अफरातफरी! जानिए 8.0 तीव्रता के भूकंप का पूरा सच

My City
न्यूज डेस्क। समस्तीपुर
समस्तीपुर में उस वक्त अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया, जब सुबह ठीक 8:03 बजे खतरे का सायरन बज उठा और पूरा इलाका कुछ ही पलों में 'डिजास्टर ज़ोन' (आपदा क्षेत्र) में तब्दील हो गया। हालांकि, यह कोई वास्तविक आपदा नहीं, बल्कि समस्तीपुर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित एक मेगा सुरक्षा अभ्यास (मॉक ड्रिल) था।
प्रशासन द्वारा 8.0 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप की स्थिति का अनुकरण करते हुए यह मेगा मॉक ड्रिल आयोजित किया गया था। सायरन बजते ही रेस्क्यू टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और आग बुझाने के लिए पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनसीसी (NCC) कैडेट्स ने पूरी मुस्तैदी के साथ मोर्चा संभाला। इस दौरान घायलों का इलाज, राहत कैंप की व्यवस्था और अन्य सभी आवश्यक आपातकालीन सेवाएं बिल्कुल किसी वास्तविक घटना की तरह संचालित की गईं। 

बीआरबी कॉलेज परिसर में किया गया मॉकड्रिल : 

इस वृहद अभ्यास का आयोजन शहर के प्रसिद्ध बलिराम भगत महाविद्यालय (बीआरबी कॉलेज) में किया गया। कॉलेज के छात्रों और एनसीसी कैडेट्स ने इस मेगा मॉक ड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में पुलिस और प्रशासन का भरपूर साथ दिया। इस सफल अभ्यास के ज़रिए समस्तीपुर प्रशासन ने आम जनता को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले की रेस्क्यू टीमें और प्रशासन किसी भी प्राकृतिक आपदा या आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार हैं।