BRABU : प्रो.सतीश कुमार राय बने एमएमटीटीसी के नए निदेशक

My City
न्यूज डेस्क। मुजफ्फरपुर
बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए विश्वविद्यालय के पीजी हिंदी विभाग के प्रोफेसर डॉ.सतीश कुमार राय को मदन मोहन मालवीय टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज (एमएमटीटीसी) के निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में शुक्रवार, 20 फरवरी 2026 को कुलसचिव ने एक आधिकारिक पत्र जारी किया है।
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, कुलपति की स्वीकृति के बाद प्रो. सतीश कुमार राय अपनी वर्तमान शैक्षणिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ तत्काल प्रभाव से एमएमटीटीसी के निदेशक पद के कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे और यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। प्रो. सतीश कुमार राय विश्वविद्यालय के एक बेहद अनुभवी प्रशासक और शिक्षाविद् माने जाते हैं। एमएमटीटीसी के निदेशक का प्रभार संभालने से पूर्व वे बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में कुलानुशासक (प्रॉक्टर), परीक्षा नियंत्रक, पीजी हिंदी विभागाध्यक्ष और मानविकी संकायाध्यक्ष जैसे कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।


इस नए आदेश की प्रतिलिपि विश्वविद्यालय के सभी संबंधित विभागाध्यक्षों, प्राचार्यों और पदाधिकारियों के साथ-साथ राज्यपाल सचिवालय (पटना), उच्च शिक्षा विभाग (बिहार) और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC, नई दिल्ली) को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। प्रो. राय के इस नए पदभार से एमएमटीटीसी के कामकाज और भावी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।