T-20 विश्व कप: दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से रौंदा

SportsIPL- 2026
नेशनल स्पोट्स डेस्क 
टी20 विश्व कप में टूर्नामेंट की दो अजेय टीमों के बीच खेला गया बहुप्रतीक्षित मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के लिए बेहद आसान साबित हुआ। कप्तान एडेन मार्करम की शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी और सेमीफाइनल की ओर मजबूती से कदम बढ़ा दिए।
कैरेबियाई टीम की खराब शुरुआत और संघर्ष टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम को तेज और उछाल भरी पिच पर दक्षिण अफ्रीकी पेसर्स ने खूब परेशान किया। हालांकि शाई होप ने स्पिनर केशव महाराज के पहले ही ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़कर आक्रामक शुरुआत की, लेकिन इसके बाद कैरेबियाई पारी लड़खड़ा गई। पावरप्ले में तीन कैच छूटने के बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने चार अहम विकेट चटकाए। कगिसो रबाडा ने शाई होप को आउट किया, जबकि लुंगी एनगिडी ने ब्रैंडन किंग और रोस्टन चेज को पवेलियन भेजा। एक समय वेस्टइंडीज की आधी से ज्यादा टीम 83 रन के स्कोर पर (7 विकेट) पवेलियन लौट चुकी थी।

होल्डर और शेफर्ड ने कराई शानदार वापसी : 
83/7 के स्कोर पर संघर्ष कर रही वेस्टइंडीज की पारी को जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने संभाला। दोनों ने दबाव में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय साझेदारी की। 18वें ओवर में मार्को यानसेन के खिलाफ 23 रन बने। होल्डर 49 रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि शेफर्ड ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक (52*) जड़ते हुए टीम का स्कोर 20 ओवर में 176/8 तक पहुँचा दिया। 


दक्षिण अफ्रीका की तूफानी बल्लेबाजी : 
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए यह रनचेज बेहद आसान रहा। एडेन मार्करम और क्विंटन डी कॉक ने पावरप्ले में ही आक्रामक रवैया अपनाते हुए 69 रन जोड़ दिए। डी कॉक ने शानदार 47 रन बनाए और जेसन होल्डर का शिकार बने। उनके आउट होने के बाद रयान रिकेल्टन (45*) ने मार्करम का बखूबी साथ निभाया। मार्करम ने बेहतरीन शॉट्स खेलते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत में होल्डर की गेंद पर छक्का लगाकर टीम को 16.1 ओवर में ही जीत दिला दी। इस शानदार 82 रनों की नाबाद पारी के लिए कप्तान मार्करम को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। 
संक्षिप्त स्कोर:
वेस्टइंडीज: 176/8 (20 ओवर) - रोमारियो शेफर्ड 52*, जेसन होल्डर 49 | लुंगी एनगिडी 3-30, कगिसो रबाडा 2-22
दक्षिण अफ्रीका: 177/1 (16.1 ओवर) - एडेन मार्करम 82*, क्विंटन डी कॉक 47, रयान रिकेल्टन 45*