T-20 वर्ल्ड कप : टीम इंडिया की धमाकेदार जीत, जिम्बाब्वे को 72 रनों से चटाई धूल 

SportsIPL- 2026
नेशनल स्पोट्स डेस्क
भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने बल्लेबाजों और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर जिम्बाब्वे को 72 रनों से करारी शिकस्त दी है। इस जीत के साथ ही भारत ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अब भारत का अगला मुकाबला 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा। यह मैच एक वर्चुअल क्वार्टर फाइनल होगा, क्योंकि इसे जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में हरफनमौला प्रदर्शन के लिए हार्दिक पांड्या को मैन ऑफ द मैच चुना गया। 

भारतीय बल्लेबाजों ने खड़ा किया रनों का पहाड़
भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 55 रनों की तूफानी पारी खेली। उनके अलावा ईशान किशन ने 24 गेंदों में 38 रन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 13 गेंदों में 33 रनों का अहम योगदान दिया। पारी के अंत में हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने आक्रामक रुख अपनाते हुए जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। हार्दिक पांड्या ने 23 गेंदों में नाबाद 50 रन ठोके, जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वहीं, तिलक वर्मा ने महज 16 गेंदों में 275.00 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 44 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

ब्रायन बेनेट का संघर्ष नहीं आया काम
257 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत धीमी रही और टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे की ओर से सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों में 8 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन बनाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से कोई मजबूत साथ नहीं मिला। कप्तान सिकंदर रजा 21 गेंदों में 31 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

अर्शदीप सिंह की घातक गेंदबाजी
भारत की तरफ से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने सबसे किफायती और प्रभावशाली गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में मात्र 24 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। वरुण चक्रवर्ती (4 ओवर, 35 रन), अक्षर पटेल (4 ओवर, 35 रन) और शिवम दुबे (2 ओवर, 46 रन) को एक-एक विकेट मिला। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने किफायती गेंदबाजी की लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।