TrendingEntertainment
नेशनल इंटरटेनमेंट डेस्क
भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे निर्भीक और सफल कप्तानों में शुमार सौरव गांगुली की बहुप्रतीक्षित बायोपिक अब अपने 'फ्लोर' पर उतरने के लिए तैयार है। विक्रमादित्य मोटवाणी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर सिनेमा प्रेमियों और क्रिकेट फैंस के बीच भारी उत्साह है। फिल्म में 'दादा' का मुख्य किरदार निभा रहे नेशनल अवार्ड विनर राजकुमार राव के साथ अब बॉलीवुड के तीन मंझे हुए कलाकारों की एंट्री ने इस प्रोजेक्ट को और भी 'पावर-पैक' बना दिया है।
कौन निभाएगा किसका किरदार?
ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की कास्टिंग में बारीकी का पूरा ध्यान रखा गया है:
बमन ईरानी: अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए मशहूर बमन ईरानी फिल्म में सौरव गांगुली के पिता, चंडी गांगुली की भूमिका में नजर आएंगे।
अपराजिता आध्या: बंगाल की दिग्गज अभिनेत्री अपराजिता को सौरव की मां के किरदार के लिए चुना गया है, जो पर्दे पर बंगाली परिवेश की प्रामाणिकता को जीवंत करेंगी।
गजराज राव: सबसे चौंकाने वाला और महत्वपूर्ण नाम गजराज राव का है। वे भारतीय क्रिकेट के दिग्गज प्रशासक और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष जगमोहन डालमिया के किरदार में दिखाई देंगे।
तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ रहे राजकुमार :
राजकुमार राव इस फिल्म के लिए किसी भी तरह का 'शॉर्टकट' नहीं ले रहे हैं। खबरों की मानें तो उन्होंने प्रोस्थेटिक मेकअप के बजाय अपने अभिनय और शारीरिक हाव-भाव से सौरव गांगुली जैसा दिखने का फैसला किया है। इसके लिए वे जल्द ही कोलकाता में सौरव गांगुली के साथ कुछ दिन बिताएंगे, ताकि उनकी दिनचर्या और मैदान के बाहर के 'एटीट्यूड' को बारीकी से समझ सकें।
शूटिंग और रिलीज का शेड्यूल :
फिल्म की शूटिंग 16 मार्च से शुरू होने की संभावना है। यह एक मेगा-प्रोजेक्ट है, जिसकी रिलीज के लिए मेकर्स ने 2028 का लक्ष्य रखा है। एम.एस. धोनी और कपिल देव की बायोपिक की सफलता के बाद, अब सबकी निगाहें सौरव गांगुली की उस बेबाक कप्तानी और 'लॉर्ड्स' के बालकनी वाले ऐतिहासिक लम्हे को दोबारा पर्दे पर देखने पर टिकी हैं।
Donec turpis erat, scelerisque id euismod sit amet, fermentum vel dolor. Nulla facilisi. Sed pellen tesque lectus et accu msan aliquam. Fusce lobortis cursus quam, id mattis sapien.