एलएस कॉलेज में छात्रों का फूटा गुस्सा: वादे पूरे न होने पर फिर शुरू हुआ आंदोलन, हॉस्टल खोलने की मांग

EducationMy City
न्यूज डेस्क। मुजफ्फरपुर 
लंगट सिंह (एलएस) कॉलेज में अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर छात्रों ने एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। छात्रों का आरोप है कि तीन महीने पहले पांच दिवसीय भूख हड़ताल के दौरान कॉलेज प्रशासन ने लिखित आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त कराया था, लेकिन अब तक उन वादों को पूरा नहीं किया गया है।
हॉस्टल की समस्या से जूझ रहे छात्र
आंदोलनकारी छात्रों के अनुसार, मुख्य मांग हॉस्टल खोलने की थी, जिस पर प्राचार्य ने सहमति जताई थी। प्रशासन के इसी भरोसे पर कई छात्रों ने अपने किराए के कमरे खाली कर दिए थे, लेकिन हॉस्टल की सुविधा अब तक शुरू नहीं हो पाई है। इसके विरोध में बीते दिनों छात्रों ने शहर के मोतीझील समेत विभिन्न इलाकों में भिक्षाटन कर समाज को अपनी समस्याओं से अवगत कराया था।
आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी
छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर आंदोलन को दबाने और कमजोर करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। आज कॉलेज प्रांगण में बड़ी संख्या में जुटे छात्रों और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर कौशल, खुशी, रानी, नीतू, रौशन, राहुल, आशुतोष, रंजन, अनिकेत, सुधांशु, शिवम, सुभाष और नवनीत सहित कई छात्र मौजूद रहे। छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी जायज मांगों को ठोस रूप से पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कॉलेज प्रशासन और संबंधित विभाग ने कोई सार्थक कदम नहीं उठाया, तो इस आंदोलन को और भी व्यापक रूप दिया जाएगा।