मुजफ्फरपुर में गूंजा "टीबी हारेगा, देश जीतेगा" का नारा; विश्व क्षय रोग दिवस पर भव्य जागरूकता रैली

My CityHealth
न्यूज डेस्क। मुजफ्फरपुर
विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर आज जिला यक्षमा केंद्र, मुजफ्फरपुर में टीबी उन्मूलन के संकल्प को दोहराते हुए एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (CMO), मुजफ्फरपुर द्वारा की गई। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला स्वास्थ्य प्रबंधक और जिला अकाउंट्स ऑफिसर सहित स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

जन-जागरूकता हेतु विशाल रैली का आयोजन : 
समाज के अंतिम व्यक्ति तक टीबी के लक्षणों और इसके मुफ्त उपचार की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली को मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. (प्रो.) कमलेश तिवारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जिला यक्षमा केंद्र से प्रारंभ होकर कंपनीबाग, पुराना बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन होते हुए पुनः केंद्र पर समाप्त हुई।
इस अभियान को सफल बनाने में KHPT जिला लीड दिनकर चतुर्वेदी, REACH जिला लीड अरविंद कुमार, और DFY जिला कोऑर्डिनेटर उदय कुमार ने अपनी टीमों के साथ सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही NTEP मुजफ्फरपुर टीम, API मुजफ्फरपुर शाखा, लायंस क्लब और ANM छात्राओं ने भी रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान मनोज कुमार (STLS), पंकज कुमार (STLS), अजय कुमार, रौशन मिश्रा और अमिता कुमारी (DPC) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति जन-संवाद करते नजर आए।



सामाजिक सहभागिता और सेवा भाव : 
कार्यक्रम की एक विशेष कड़ी के रूप में API मुजफ्फरपुर शाखा द्वारा टीबी के उपचाराधीन मरीजों के बीच 'फूड बास्केट' का वितरण किया गया। इस पहल की सराहना करते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि पौष्टिक आहार टीबी के सफल उपचार का एक अनिवार्य हिस्सा है। उपस्थित अधिकारियों ने आम जनता से "निक्षय मित्र" बनने और टीबी मुक्त भारत अभियान से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल समापन पर डॉ. सीके. दास (CDO) ने उपस्थित सभी चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।