मुजफ्फरपुर में चाकू के बल पर अधिवक्ता के घर से आठ लाख की लूट

391   0
Crime
मुजफ्फरपुर। जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित राहुलनगर इलाके में रविवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने अधिवक्ता दीन दयाल राउत के घर में घुसकर लूटपाट की। दो की संख्या में चाकू से लैश होकर पहुंचे बदमाशों ने घर से 4.5 लाख नकदी और 3.50 लाख के आभूषण समेत कुल आठ लाख की संपत्ति लूट ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस आसपास के इलाके का फुटेज खंगाल रही है।  घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार राहुल नगर निवासी दीनदयाल राउत आदर्श ग्राम में अपना मकान बना रहे है। शाम 5: 30 बजे दीनदयाल अपनी पत्नी नीतू देवी के साथ उक्त मकान पर गए। घर में उनकी सबसे छोटी बेटी आकांक्षा अकेली थी। शाम 6 बजे दो अपराधी घर में घुस गए। चाकू के दम पर आकांक्षा को बंधक बना लिया। उसको बोला कि अगर हल्ला करोगी तो हत्या कर देंगे। डर के मारे आकांक्षा चुप रही। इसी बीच हल्ला कर रहे कुत्तों को कुछ खिला दिया। एक अपराधी आकांक्षा को दूसरे कमरे में बंद का कर दिया। टेबल से अलमीरा का चाभी लेकर अलमीरा खोला और उसमें रखे 4.5 लाख रूपये और बेटी के शादी के लिए रखे 3.50 लाख के आभूषण निकाल लिया। इसके बाद दूसरे कमरे में भी खोजबीन की, लेकिन वहां से कुछ नहीं मिला। उसके बाद दोनों अपराधी फरार हो गए।
छत के ढलाई के लिए रखा था पैसा
अधिवक्ता ने बताया कि वे शाम में नए वाले मकान पर गए हुए थे। घर में बेटी अकेली थी। उसने फोन कर बताया कि घर में अपराधी घुस आए थे। उन्होंने लूट पाट की है। उन्होंने बताया कि नए बन रहे मकान की ढलाई के लिए पैसा रखे हुए थे।
डीएसपी टाऊन 2 विनीता सिन्हा ने बताया कि ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में एक घर से चोरी हुई है। मौके पर पुलिस पहुंची हुई है। घटनास्थल और आस पास के लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रह है। अभी अमाउंट क्लियर नहीं हुआ है। जांच पड़ताल चल रही है।