सावन मिलन : मेहंदी की महक और गीत-नृत्य से बांधा समां

EducationLifestyle My City
News Desk| Muzaffarpur
महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय में बुधवार को 'सम्मान सह सावन मिलन समारोह' और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से कॉलेज ने नवनियुक्त प्राचार्य प्रो.अलका जायसवाल का स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की प्राचार्य डॉ.जायसवाल और अन्य सम्मानित शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद संगीत विभाग की छात्राओं ने अपनी मधुर आवाज में महाविद्यालय गीत प्रस्तुत किया, जिससे पूरा माहौल संगीतमय हो गया।
दर्शनशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ.सुरबाला वर्मा, महाविद्यालय शिक्षक संघ की अध्यक्ष प्रो.विनीता झा समेत अन्य शिक्षकों ने प्राचार्य का स्वागत किया। डॉ.जायसवाल ने कहा कि वह पूरी निष्ठा, दृढ़ता और तन्मयता के साथ महाविद्यालय और छात्राओं के हित में काम करेंगी। उन्होंने महंत दर्शन दास के सपनों को साकार करने का संकल्प लिया कि यह संस्थान हमेशा ज्ञान का मंदिर बना रहेगा।

मनमोहक गीत-नृत्य से बंधा समां : 
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान शिक्षिकाओं ने मनमोहक गीत, नृत्य और कविताएं प्रस्तुत कीं, जिन्होंने सबका मन मोह लिया। इस दौरान आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता में आबशार तरन्नुम ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सृष्टि सलूजा और सूफिया महताब ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरा स्थान श्रेया ठाकुर और सानिया फिरोज को मिला। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. रिंकु कुमारी ने किया, जिसकी सभी ने खूब प्रशंसा की। शिक्षकों और छात्राओं की सौम्य उपस्थिति ने इस सावन मिलन समारोह में चार-चांद लगा दिए।