BSEB इंटरमीडिएट परीक्षा 2026: आदित्य (विज्ञान), अदिति (वाणिज्य) और निशु (कला) बने प्रदेश के टॉपर

TrendingEducation
शिक्षा संवाददाता। पटना
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने आज अपनी तकनीकी श्रेष्ठता और कुशल प्रबंधन का परिचय देते हुए इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार द्वारा जारी इस परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बिहार बोर्ड देश का सबसे तीव्र और आधुनिक परीक्षा बोर्ड बन चुका है। समिति ने लगातार आठवें वर्ष मार्च माह में परिणाम जारी करने का अनोखा रिकॉर्ड बनाया है।

परीक्षा परिणाम : एक नजर में
इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 85.19% विद्यार्थी सफल हुए हैं। 13 फरवरी 2026 को परीक्षा समाप्त होने के बाद, 27 फरवरी से मूल्यांकन कार्य शुरू हुआ और महज 25 दिनों के भीतर 13.04 लाख परीक्षार्थियों का परिणाम घोषित कर दिया गया।

श्रेणीवार उत्तीर्ण छात्र:
प्रथम श्रेणी: 5,16,928
द्वितीय श्रेणी: 5,11,744
तृतीय श्रेणी: 82,425


संकायवार टॉपर्स की सूची

तीनों संकायों में राज्य स्तर पर प्रथम 5 स्थानों में कुल 26 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है, जिनमें 19 छात्राएं और 7 छात्र हैं।
विज्ञान संकाय : 
समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक (96.20%) प्राप्त कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीतामढ़ी की साक्षी कुमारी और नवादा की सपना कुमारी 479 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं।

वाणिज्य संकाय : पटना की अदिति कुमारी ने 480 अंक (96.00%) हासिल कर टॉप किया। पटना की ही माही कुमारी 476 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

कला संकाय : गया की निशु कुमारी ने 479 अंक (95.80%) प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया।  सीतामढ़ी की सिद्धि शिखा, लखीसराय के चंद्रदीप कुमार और पूर्णिया के मो. लकी अंसारी 478 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

संकायों का प्रदर्शन (Passing Percentage)
वाणिज्य: 93.07% (सबसे बेहतर प्रदर्शन)
विज्ञान: 87.46%
कला: 82.76%

महिला सशक्तिकरण की गूंज
छात्राओं का प्रदर्शन इस वर्ष भी छात्रों से काफी बेहतर रहा है। छात्राओं का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 86.23% है, जबकि छात्रों का 84.09% रहा। कला संकाय में तो छात्राओं ने लड़कों (79.78%) के मुकाबले 84.53% की बड़ी बढ़त बनाई है। बोर्ड अध्यक्ष आनन्द किशोर ने इसे राज्य सरकार की साइकिल योजना, पोशाक योजना और प्रोत्साहन योजनाओं की सफलता बताया। 

टॉपर्स के लिए पुरस्कारों की बौछार
बोर्ड ने मेधावी छात्रों के लिए प्रोत्साहन राशि को बरकरार रखा है:
प्रथम स्थान: ₹2 लाख, एक लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र और मेडल।
द्वितीय स्थान: ₹1.5 लाख, एक लैपटॉप और अन्य सम्मान।
तृतीय स्थान: ₹1 लाख, एक लैपटॉप और अन्य सम्मान।
चतुर्थ एवं पंचम स्थान: ₹30,000, एक लैपटॉप और अन्य सम्मान।
इसके अलावा सभी टॉपर्स को "देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद मेधा छात्रवृत्ति" के तहत ₹2,500 प्रतिमाह दिए जाएंगे (स्नातक स्तर पर 3-5 वर्षों के लिए)।

असंतुष्ट परीक्षार्थियों के लिए स्क्रूटिनी का अवसर
जो परीक्षार्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे 25 मार्च 2026 से 02 अप्रैल 2026 तक स्क्रूटिनी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, विशेष और कम्पार्टमेंट परीक्षा का आयोजन भी इसी समय सीमा में आवेदन लेकर किया जाएगा, जिसका परिणाम 31 मई 2026 तक जारी करने का लक्ष्य है।