नन्हे प्रतिनिधियों ने संभाली कमान: प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर उर्दू में बाल संसद का गठन, राबिया सदफ बनीं प्रधानमंत्री

EducationMy City
न्यूज डेस्क। मुजफ्फरपुर
प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर उर्दू में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बाल संसद का गठन पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ, जिसमें नन्हे बच्चों ने अपनी सरकार चुनी। विद्यालय के प्रधान शिक्षक केशव कुमार के निर्देशन और शिक्षिका सुश्री स्मिता की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में लोकतांत्रिक मूल्यों की जीवंत झलक देखने को मिली। आमसभा में मतदान के माध्यम से प्रतिनिधियों का चयन किया गया, जिसमें राबिया सदफ को प्रधानमंत्री और मोहम्मद रेहान को उप प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही नेमत परवीन को शिक्षा मंत्री, साराउद्दीन को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री, आयत परवीन को जल एवं कृषि मंत्री, खुशनाज परवीन को खेल एवं सांस्कृतिक मंत्री और आयत खातून को पुस्तकालय एवं पर्यावरण मंत्री चुना गया। साथ ही इन सभी विभागों के लिए उप मंत्रियों का भी चयन किया गया।

नवनिर्वाचित सदस्यों को दिलाई गई शपथ : 
पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई और माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालय में आपदा प्रबंधन समिति और इको क्लब का भी गठन हुआ, जिसका नेतृत्व क्रमशः शिक्षक शोऐब अहमद और शिक्षिका ममता ने किया। इस मौके पर प्रधान शिक्षक केशव कुमार ने कहा कि बाल संसद बच्चों में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी निभाने का अवसर प्रदान करती है, जिससे विद्यालय के सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी। इस गौरवशाली क्षण में शिक्षक अब्दुल गफ्फार अंसारी, पूनम कुमारी, निभा कुमारी, सहानी खातून सहित सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।