अभाविप का आक्रोश मार्च : सौम्याश्री को दी श्रद्धांजलि 
My City

News Desk| Muzaffarpur
ओडिशा में एक छात्रा की आत्महत्या को लेकर उपजा आक्रोश अब बिहार तक पहुंच गया है। बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की मुजफ्फरपुर महानगर इकाई ने लंगट सिंह कॉलेज परिसर में एक भावुक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की और साथ ही आक्रोश मार्च निकालकर न्याय की मांग की। यह प्रदर्शन ओडिशा में एबीवीपी की सक्रिय कार्यकर्ता सौम्याश्री बिशी के कथित तौर पर अपने कॉलेज के विभागाध्यक्ष की मानसिक प्रताड़ना और अमर्यादित टिप्पणियों से आहत होकर आत्मदाह करने की घटना के विरोध में था।
कॉलेज परिसर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सौम्याश्री की आत्मा की शांति के लिए मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद, उन्होंने विभागाध्यक्ष के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग की। छात्रों ने कहा कि इस गंभीर मामले में दोषी विभागाध्यक्ष को तत्काल निलंबित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।


"बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" का नारा बेमानी?
एबीवीपी कार्यकर्ता कुमारी नैना ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और पूरा देश इस मामले में न्याय चाहता है। उन्होंने सवाल उठाया, "अगर शिक्षा के मंदिर में भी इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी, तो फिर 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' का नारा निरर्थक है।"
प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सानविका ने भी दोषी विभागाध्यक्ष के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आंतरिक शिकायत समिति के गठन और एक प्रभावी निगरानी तंत्र लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सानविका ने दृढ़ता से कहा कि सौम्याश्री का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, और परिषद देशभर में छात्राओं के अधिकारों और गरिमा की रक्षा के लिए अपने संघर्ष को और तेज करेगी।
इस विरोध प्रदर्शन में महानगर मंत्री अभिनव राज, मयंक मिश्रा, मानसी कुमारी, निखिल कुमार, अमित कुमार, सुशांत कुमार, अंकित आनंद, सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।