My City
न्यूज डेस्क। समस्तीपुर
समस्तीपुर और दरभंगा के बीच रेल यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। समस्तीपुर शहर में पुराने ओवरब्रिज के ठीक समानांतर अब एक नया रेल ओवरब्रिज (ROB) बनाया जाएगा। पथ निर्माण विभाग ने इस अहम प्रोजेक्ट की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। इस नए रेलपुल के बनने से समस्तीपुर जंक्शन पर ट्रेनों के बेवजह ठहराव और क्रॉसिंग की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।
क्यों पड़ी इस नए रेलपुल की जरूरत?
वर्तमान में समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर मौजूद पुल पर सिंगल लाइन है। इस वजह से जब भी कोई ट्रेन इस रूट से गुजरती है, तो क्रॉसिंग के कारण कई बार दूसरी ट्रेनों को समस्तीपुर जंक्शन या आउटर सिग्नल पर लंबे समय तक रोक कर रखना पड़ता है। इस सिंगल लाइन बॉटलनेक (बाधा) के कारण ट्रेनों के परिचालन में देरी होती है।
ट्रेनों को लाइन क्लियरेंस के झंझट से मिलेगी मुक्ति :
नए समानांतर पुल के निर्माण से ट्रेनों का आवागमन डबल लाइन की तरह हो सकेगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और ट्रेनों की रफ्तार में भी इजाफा होगा। पथ निर्माण विभाग के अनुसार, इस नए रेल ओवरब्रिज के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा दिए गए हैं। प्रोजेक्ट की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए एक विशेषज्ञ कंसल्टेंट की नियुक्ति कर दी गई है। कंसल्टेंट द्वारा पुल निर्माण से जुड़ी तकनीकी संभावनाओं, डिजाइन, समाधान और प्राथमिकताओं का गहन अध्ययन किया जाएगा।
कंसल्टेंट की रिपोर्ट के आधार पर डीपीआर को दिया जाएगा अंतिम रूप
कंसल्टेंट की रिपोर्ट के आधार पर डीपीआर को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू करने की योजना है। प्रशासन केवल नए पुल के निर्माण पर ही ध्यान नहीं दे रहा है, बल्कि मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर रहा है। पथ निर्माण विभाग ने बताया कि जब तक नए पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक के लिए पुराने ओवरब्रिज के मजबूतीकरण (Strengthening) का कार्य भी युद्धस्तर पर किया जा रहा है, ताकि उस पर से ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन जारी रहे। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से समस्तीपुर जंक्शन की क्षमता में बड़ा विस्तार होगा और मिथिलांचल को जोड़ने वाले इस अहम रेलखंड पर यातायात पूरी तरह से सुगम हो जाएगा।
Donec turpis erat, scelerisque id euismod sit amet, fermentum vel dolor. Nulla facilisi. Sed pellen tesque lectus et accu msan aliquam. Fusce lobortis cursus quam, id mattis sapien.