इंटर मूल्यांकन : पारिश्रमिक दर बढ़ाने की मांग, प्रमंडलीय उपाध्यक्ष ने बिहार बोर्ड की नीति पर उठाए सवाल

EducationMy City
न्यूज डेस्क। समस्तीपुर
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रमंडलीय उपाध्यक्ष रणजीत कुमार ने जिले में संचालित इंटरमीडिएट उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्रों का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा निर्धारित मूल्यांकन की वर्तमान दरों को अपर्याप्त बताते हुए इसमें तत्काल वृद्धि की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तरपुस्तिका के मूल्यांकन और केंद्र व्यय की दरें पिछले कई वर्षों से यथावत हैं, जबकि बाजार में महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है। इस अवसर पर मुख्य रूप से एचएम डॉ. ललित कुमार घोष, मनोज कुमार मंगलम, कुमार शुभम, महासुन्दर साह सहित कई अन्य परीक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे।

महंगाई के दौर में पुरानी दरें अनुचित, अन्य बोर्डों की तुलना में बिहार बोर्ड पीछे: रणजीत कुमार

निरीक्षण के क्रम में प्रमंडलीय उपाध्यक्ष रणजीत कुमार ने कहा कि बिहार बोर्ड अभी भी प्रति उत्तरपुस्तिका मात्र ₹15 का भुगतान कर रहा है, जबकि अन्य शिक्षा बोर्ड इससे दो से तीन गुना अधिक राशि दे रहे हैं। केंद्र व्यय की दरें नहीं बढ़ने के कारण परीक्षकों के रहने और अन्य मूलभूत सुविधाओं के प्रबंधन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिसका सीधा आर्थिक भार केंद्र निदेशकों पर पड़ता है। उन्होंने इसे न्यायोचित नहीं बताते हुए बोर्ड से दरों में संशोधन की अपील की। भ्रमण के दौरान उन्होंने आर.एस.बी इंटर विद्यालय समस्तीपुर में चल रहे व्यवस्थित मूल्यांकन कार्य की सराहना की।

चार केंद्रों पर हो रहा है मूल्यांकन कार्य : 

जिले में वर्तमान में चार प्रमुख केंद्रों—आरएसबी इंटर विद्यालय, एसकेआईडी बालिका उवि घोषलेन, गोल्फ फील्ड उवि रेलवे कॉलोनी और उमावि शम्भूपट्टी पर मूल्यांकन कार्य चल रहा है। इन केंद्रों पर शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रधान परीक्षक, सह-परीक्षक, समन्वयक के साथ-साथ मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है।