T-20 वर्ल्ड कप 2026 : ईडन में संजू का 'सैमसन' शो: 97 रनों की तूफानी पारी से विंडीज पस्त

SportsIPL- 2026
स्पोट्स न्यूज डेस्क
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में जब चौके-छक्कों की बरसात शुरू हुई, तो कैरेबियन गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। भारत के सामने जीत के लिए एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य था, जिसे टीम इंडिया ने 19.2 ओवर में 199 रन बनाकर हासिल कर लिया। इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन। क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले ईडन गार्डन्स के मैदान पर आज टीम इंडिया ने वह कर दिखाया जिसका इंतजार करोड़ों क्रिकेट प्रेमी कर रहे थे। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज के 'कैरेबियन पावर' को 5 विकेट से धूल चटाकर न केवल जीत दर्ज की, बल्कि टूर्नामेंट में अपनी बादशाहत का लोहा भी मनवा दिया। स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों के शोर और मैदान पर भारतीय बल्लेबाजों के जोश ने ईडन की फिजां ही बदल दी। 
संजू ने मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलते हुए महज 50 गेंदों में 97 रनों की नाबाद और आतिशी पारी खेली। उनकी इस पारी में 12 शानदार चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। 194 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने विंडीज की हर रणनीति को नाकाम कर दिया। हालांकि, वे अपने शतक से मात्र 3 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी इस पारी ने भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।

मध्यक्रम का मिला साथ : 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा (10) और ईशान किशन (10) के रूप में शुरुआती झटके जरूर लगे, लेकिन मध्यक्रम ने जिम्मेदारी बखूबी निभाई। कप्तान सूर्यकुमार यादव (18) और तिलक वर्मा (27) ने संजू के साथ मिलकर पारी को संभाला। अंत में शिवम दुबे (8)* ने संजू का साथ निभाते हुए मैच को फिनिश किया।

विंडीज गेंदबाजों की धुलाई : 

वेस्टइंडीज की ओर से जेसन होल्डर और शमार जोसेफ ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन वे रनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लगा सके। ईडन की पिच पर भारतीय बल्लेबाजों ने 10.29 की रन रेट से रन कूटकर कैरेबियन खेमे में खलबली मचा दी।

अब 5 मार्च को 'लगान' वसूली की बारी!

वेस्टइंडीज को मात देने के बाद अब टीम इंडिया का अगला बड़ा मुकाबला 5 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ है। ईडन की इस जीत ने भारतीय फैन्स का जोश सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है और अब हर किसी की नजरें अंग्रेजों से पुराना हिसाब चुकता करने पर हैं। इससे पहले चार मार्च को 
ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा।