एमआईटी में गूंजी युवाओं की आवाज, 'विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026' में लोकतंत्र की मजबूती का लिया संकल्प

EducationMy City
न्यूज डेस्क। मुजफ्फरपुर 
मुजफ्फरपुर प्रौद्योगिकी संस्थान (एमआईटी) परिसर शुक्रवार को युवा ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति के भाव से गुंजायमान रहा। 'मेरा युवा भारत' द्वारा संचालित 'विकसित भारत युवा कनेक्ट' अभियान के तहत 'विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026' के जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक संस्थाओं से गहराई से जोड़ना, उनमें कुशल नेतृत्व क्षमता का विकास करना और वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के महायज्ञ में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। वंदे मातरम् की ओजस्वी प्रस्तुति और दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। युवा कनेक्ट कार्यक्रम के तहत युवा आइकन प्रिंस कुमार की प्रस्तुति ने पूरे सभागार में देशभक्ति की लहर दौड़ा दी।


जल शक्ति राज्यमंत्री राजभूषण चौधरी ने युवाओं में भरा जोश :
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे भारत सरकार के जल शक्ति राज्य मंत्री और मुजफ्फरपुर के सांसद ने युवाओं में नया जोश भरा। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में 'आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख' विषय पर गहराई से प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय लोकतंत्र की असली ताकत हमारी मजबूत संवैधानिक व्यवस्था और नागरिकों, विशेषकर युवाओं की सकारात्मक भागीदारी में निहित है। उन्होंने आपातकाल के दौर को याद करते हुए युवाओं को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक दायित्वों के प्रति हमेशा सजग रहने की नसीहत दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे एमआईटी के प्राचार्य प्रभारी डॉ. संजय कुमार ने भी छात्रों को संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। मंच पर 'मेरा युवा भारत' की उप निदेशक रश्मि सिंह, डॉ. वाई. एन. शर्मा और सेवानिवृत्त अतिरिक्त सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य शिक्षाविद और अधिकारी उपस्थित थे, जबकि कार्यक्रम का सफल संयोजन नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार ने किया।


विजेताओं काे किया गया पुरस्कृत : 
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के इस महत्वपूर्ण चरण में प्रतिभागियों ने संसदीय गरिमा और शैली में अपने विचार रखे। इस दौरान वक्ताओं ने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों पर अत्यंत सारगर्भित विमर्श किया। कड़े मुकाबले के बाद निर्णायक मंडल ने शुभम कुमार को प्रथम स्थान का विजेता घोषित किया, जबकि संजना रानी द्वितीय और प्रिया स्नेहा तृतीय स्थान पर रहीं। इसके साथ ही मोहम्मद अमानुल्लाह और वंदना कुमारी ने क्रमशः चतुर्थ और पंचम स्थान प्राप्त किया। इन उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। यह पूरा आयोजन युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना जगाने और विकसित भारत के निर्माण में उनकी महती भूमिका को रेखांकित करने की दिशा में एक शानदार कदम साबित हुआ।